Nobel Prize: चिकित्सा के नोबेल पुरस्कार की हुई घोषणा, माइक्रोआरएनए की खोज के लिए इन वैज्ञानिकों को मिला पुरस्कार

नोबेल पुरस्कार की घोषणा शुरू हो गई है, जो 14 अक्टूबर तक चलेगी. इसी सिलसिले में आज चिकित्सा के लिए नोबेल पुरस्कार की घोषणा की गई है. माइक्रोआरएनए की खोज के लिए इन वैज्ञानिकों को यह पुरस्कार दिया गया है. इस खोज के लिए नोबेल असेंबली ने खुशी जताई है और इसे अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है.

मेडिसिन के लिए विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन ने जीता नोबेल पुरस्कार Image Credit: Steffen Trumpf/picture alliance via Getty Images

नोबेल पुरस्कार की घोषणा 7-14 अक्टूबर के बीच होनी थी, और इसी सिलसिले में आज चिकित्सा क्षेत्र के नोबेल पुरस्कार का ऐलान कर दिया गया. मेडिसिन के लिए 2024 का नोबेल पुरस्कार विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन को उनकी माइक्रोआरएनए की खोज और पोस्ट-ट्रांसक्रिप्शन जीन रेगुलेशन में इसकी भूमिका के लिए दिया गया है.

नोबेल पुरस्कार की शुरुआत 1901 में हुई थी. इसे चिकित्सा, भौतिकी, रसायन विज्ञान, साहित्य, शांति और अर्थशास्त्र के क्षेत्रों में दिया जाता है. विजेताओं को 11 मिलियन स्वीडिश क्रोनर (लगभग 8.3 करोड़ रुपये) की नकद राशि प्रदान की जाती है. अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि पर, 10 दिसंबर को ये पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं.

विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन को क्यों मिला नोबेल पुरस्कार

चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े इस साल का नोबेल पुरस्कार वैज्ञानिक विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन को माइक्रोआरएनए की खोज के लिए दिया गया है, जो एक छोटे अणु के रूप में जीन रेगुलेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. भले ही हमारे शरीर की सभी कोशिकाओं में एक जैसे जीन होते हैं, लेकिन अलग-अलग प्रकार की कोशिकाएं, जैसे मांसपेशी और तंत्रिका कोशिकाएं, अलग-अलग कार्य करती हैं. यह जीन रेगुलेशन के कारण संभव होता है, जो कोशिकाओं को केवल उन जीनों को सक्रिय करने की अनुमति देता है जिनकी उन्हें आवश्यकता होती है.

एम्ब्रोस और रुवकुन की माइक्रोआरएनए की खोज ने इस प्रक्रिया को समझने का एक नया तरीका प्रस्तुत किया है. नोबेल असेंबली ने कहा कि उनकी खोज यह समझने में महत्वपूर्ण है कि मानव समेत जीव किस प्रकार विकसित होते हैं और कार्य करते हैं.

पिछले साल किसे मिला था नोबेल पुरस्कार

पिछले साल यानी 2023 में चिकित्सा के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार हंगरी-अमेरिकी कैटलिन कारिको और अमेरिकी ड्रू वीसमैन को उनकी खोज के लिए दिया गया था, जिससे कोविड के खिलाफ लड़ाई में mRNA वैक्सीन का विकास संभव हो सका, जिसने महामारी से निपटने में अहम भूमिका निभाई.

अन्य पुरस्कारों की घोषणा कब होगी

नोबेल पुरस्कार की घोषणा आज से शुरू हुई है, जो 14 अक्टूबर तक चलेगी. आज मेडिसिन के लिए घोषणा की गई है. भौतिकी के लिए मंगलवार को, रसायन विज्ञान के लिए बुधवार को, साहित्य के लिए गुरुवार को, नोबेल शांति पुरस्कार के लिए शुक्रवार को और अर्थशास्त्र के लिए 14 अक्टूबर को घोषणा की जाएगी.